सहरसा। बुधवार को उद्योग मंत्री के नागरिक अभिनंदन समारोह को आकर्षक
व यादगार बनाने के लिए पूरा शहर दुल्हन की तरह सजाया गया था। जिला युवा जदयू
अध्यक्ष सोहन झा के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने मोटर साइकिल जुलूस लेकर उद्योग
मंत्री दिनेश चन्द्र यादव की माली चौक से अगवानी की।
शहर के समाहरणालय रोड, डीबी रोड, थाना चौक, गंगजला चौक, बायपास रोड, पूरब बाजार रोड,
शंकर चौक, महावीर चौक, हटिया गाछी समेत सभी मुख्य मार्गो पर दर्जनों तोरण द्वार
बनाये गये थे। चौक-चौराहों पर उद्योग मंत्री दिनेश चंद्र यादव का बड़ा-बड़ा कट आउट लगा
हुआ था। इसके साथ ही जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव एवं नीतीश कुमार का भी कट
आउट लगा हुआ था। जदयू के झंडे एवं बैनर से पटा शहर किसी दुल्हन से कम नहीं लग रहा
था। सुबह होते ही गांव-गांव से पहुंचे मोटरसाइकिलों के काफिले ने शहर की रौनक को बढ़ा
दिया। शहरी क्षेत्र में मंत्री के प्रवेश करते ही लोगों ने सहरसा बस्ती से कालेज
गेट तक खड़े होकर मंत्री का अभिवादन किया।