नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से
कांग्रेस के सांसद मदन लाल शर्मा को सेक्स स्कैंडल मामले में राज्य विधानसभा के
अध्यक्ष ताराचंद और एक विधायक के खिलाफ झूठी, आपत्तिजनक और अवांछित टिप्पणी करने के
आरोप में पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जम्मू से कांग्रेस के सांसद की टिप्पणी पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए पार्टी की
राज्य इकाई के प्रमुख सैफुद्दीन सोज ने उनसे मामले में एक हफ्ते के भीतर जवाब देने
को कहा है। नोटिस में उनसे पूछा गया है कि आखिर अनुशासन और दुर्व्यवहार से संबद्ध
टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ क्यों नहीं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
नोटिस में सोज ने शर्मा की टिप्पणी का जिक्र किया है। जम्मू के खोउर में रविवार को
आयोजित एक जनसभा में शर्मा ने आरोप लगाया था कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया
गांधी और मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद से संपर्क किया था और वरिष्ठ नेताओं ने
ताराचंद और विधायक तथा पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रमुख पीरजादा मोहम्मद सईद को सेक्स
स्कैंडल मामले में फंसने से बचाने के लिए हस्तक्षेप किया। सोज ने शर्मा से कहा है
कि मैंने झूठी, आपत्तिजनक और अवांछित टिप्पणी को गंभीरता से लिया है।