जयनगर (मधुबनी)। यहां ऐतिहासिक
बाबा पोखर पर हो रहे श्रीराम महायज्ञ में रामायण पाठ एवं दुर्गा सप्तशती के श्लोक
गूंजते ही सारा वातावरण भक्ति मय हो गया है। महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने
लगी है। पचास फीट के बने तालाब में विष्णु एवं महालक्ष्मी के अलावा विशाल राक्षस की
प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। महायज्ञ स्थल पर बने विशाल
मंडप में श्रीराम, सीता एवं लक्ष्मण की प्रतिमा स्थापित है जहां हवन कार्य किया जाता
है। वहीं चार छोटे-छोटे मंडपों में वाल्मिकी रामायण, भागवत कथा, तुलसी रामायण एवं
दुर्गा सप्तशती का वाचन विद्वान पंडितों द्वारा किया जा रहा है। इस महायज्ञ में
पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के भी श्रद्धालुओं का आना आरंभ हो गया है।