दरभंगा। महिला सशक्तीकरण की दिशा में अनूठी पहल करते
हुए सोमवार को उत्तर बिहार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक ने दरभंगा के मौलागंज मोहल्ले
में एक ऐसी शाखा की नींव रखी जिसमें सिर्फ महिलाएं ही कर्मचारी होंगी। यह उत्तर
बिहार की पहली महिला शाखा होगी। इस बैंक शाखा में फिलहाल प्रबंधक समेत तीन महिला
कर्मचारियों की नियुक्ति की गयी है। सोमवार को इस शाखा में 123 लोगों ने खाता
खुलवाया।
इस शाखा का उद्घाटन करते हुए उत्तर बिहार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक आरए
मित्तल ने कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ही इस शाखा को खोला गया है।
बैंक में सभी कर्मचारी सिर्फ महिलाएं होंगी, लेकिन खाता सभी लोग खुलवा सकते हैं।
मीना चौधरी को शाखा प्रबंधक, नूतन श्रीवास्तव को खजांची और रंजना देवी को मैसेंजर
के रूप में नियुक्त किया गया है।
श्री मित्तल ने कहा कि मौजूदा परिवेश में महिलाएं सभी कार्यों में पुरुषों के साथ
कंधा से कंधा मिला कर काम करने में सक्षम हैं। बैंकिंग कार्यों में भी महिलाएं किसी
से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बैंक प्रबंधन ने महिला शाखा खोल कर समाज को यह
संदेश दिया है कि लोग अब महिलाओं के प्रति अपना नजरिया बदलें, क्योंकि जमाना बदल रहा
है।
गौरतलब है कि सोमवार को जो 123 नये खाते खोले गये उसमें 53 महिलाएं और शेष पुरुष
शामिल हैं। यही नहीं मिर्जापुर चौक से मौलागंज के बीच किसी भी व्यावसायिक बैंक की
कोई शाखा नहीं थी। इस शाखा के खुलने से शहरवासियों को सहुलियत होगी।