सुप्पी (सीतामढ़ी)। सुप्पी प्रखंड के बीडीओ सह सीओ
श्रीबाबू यादव की ग्रामीणों ने मंगलवार को पिटाई कर सिर फोड़ दिया और उनकी गाड़ी को
भी क्षतिग्रस्त कर दी। बीडीओ का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी
शीशम पेड़ काटने से मना किया था। गंभीर रूप से जख्मी बीडीओ को इलाज के लिए रीगा
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। उनके सिर पर गंभीर चोट लगी है।
उधर, घटना के संबंध में मेजरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है, जिसमें ससौला
गाव के पिन्टू पाठक, अंटू पाठक, मनोहर पाठक, सिंधु पाठक और विकास झा को अभियुक्त
बनाया गया है। इन सभी पर जानलेवा हमला करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार बीडीओ श्री यादव सीतामढ़ी से अपने कर्मचारियों के साथ सुप्पी जा
रहे थे। इसी दौरान ससौला गांव के सड़क के किनारे लगे सरकारी शीशम के पेड़ को कुछ लोगों
द्वारा काटा जा रहा था। बीडीओ ने पेड़ काटने से मना किया तो कहा गया कि निजी पेड़ है।
तब बीडीओ ने कहा कि बगैर नापी कराये पेड़ नहीं काटा जा सकता। इसी पर लोगों ने बीडीओ
की जमकर पिटाई कर दी और पथराव कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। बीडीओ के गाड़ी चालक
रामनाथ से लोगों ने गाड़ी की चाभी भी छीन ली। बीडीओ के साथ ग्रामीण प्रसार कार्यकर्ता
जितेन्द्र झा भी साथ थे। अंटू पाठक द्वारा फायरिंग भी की गयी तथा बीडीओ का सर्विस
रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने बीडीओ के पाकेट से दो हजार रुपये,
सोने की चेन व घड़ी भी छीन ली। विरोध करने पर नाजिर राम किशोर साह के पाकेट से पांच
हजार रुपये छीन लिये। सूचना मिलते ही मेजरगंज थाना के अवर निरीक्षक सहदेव प्रसाद
सिन्हा, थानेदार सीताराम चौधरी, ढेंग शिविर थानाध्यक्ष मधुसुदन सिंह घटनास्थल
पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।