सहरसा। समाज व राष्ट्र के निर्माण व आर्थिक उत्थान
में अहम भूमिका निभाने वाले वैश्य समुदाय की वर्तमान सरकार अनदेखी कर रही है। इस
शासन में इस समुदाय के लोग अपने को सबसे असुरक्षित महसूस कर रहे है। समाज का हर तबका
सहमा है। और सरकार मूकदर्शक की भूमिका अदा कर रही है। 6 अप्रैल को पटना के गांधी
मैदान में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक रैली कार्यक्रम को नीतीश सरकार खलल डालने का
प्रयास कर रही है।
उक्त बातें राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शंकर
प्रसाद टेकरीवाल ने गुरुवार को पूर्व नप अध्यक्ष श्यामसुन्दर साह के आवास पर
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चन्द्र गुप्त ने कहा
था कि जिस राज का वैश्य असुरक्षित रहेगा उसका कभी विकास नहीं हो सकता। फलस्वरूप उनके
राजकाल को स्वर्णिम युग माना गया था। वैश्य समुदाय के लोगों के बेहतर प्रबंधन क्षमता
से समाज और राष्ट्र मजबूत होता है। वैश्य की दानशीलता के स्वभाव से ही
स्कूल,कालेज,धर्मशालाओं का भी काफी मात्रा में उत्थान हुआ है।
श्री टेकरीवाल ने कहा कि रैली का असफल करने के लिए
वैश्य नेता बिजेन्द्र चौधरी को झूठे मुकदमे में फंसाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। यह
सरकार के हताशा को दर्शाती है। इस सरकार के कार्यकाल में आमलोगों का आक्रोश परवान
पर है। 6 अपै्रल की रैली सरकार के खिलाफ व्यापक जनाक्रोश का संकेत देगी। संवाददाता
सम्मेलन में राजद जिलाध्यक्ष मो. ताहीर,श्यामसुन्दर साह,हरिहर प्रसाद गुप्ता,अर्जून
जायसवाल,बैजनाथ चौधरी,सुधीर राजहंस समेत अन्य लोग मौजूद थे |