|
|
|---|
|
दरभंगा मॆ जारी है आयकर विभाग का छापा
11/03/2007 12:19:13 PM
:- दरभंगा। नगर के दो बडे़ व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों व घरों में गुरुवार सुबह से शुरू हुई आयकर की छापामारी शुक्रवार की देर रात तक जारी रही। पदाधिकारियों को रहमगंज के आभूषण विक्रेता के घर से और दो लाख रुपये, जबकि भवन निर्माण सामग्री विक्रेता के यहां से भारी मात्रा में सोने के जेवर हाथ लगे हैं। इस तरह दोनों व्यवसायियों के यहां से आयकर के छापेमार दस्ते ने कुल 37 लाख रुपये नकद बरामद कर लिये हैं। अधिकारियों ने बताया कि छापे में बरामद दस्तावेजों का अध्ययन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कादिराबाद स्थित भवन निर्माण सामग्री विक्रेता व आभूषण विक्रेता के घरों व प्रतिष्ठानों में एक साथ जांच-पड़ताल शुरू की गयी। आभूषण विक्रेता के घर दोपहर बाद करीब 2 बजे छापेमारी की कार्रवाई पूरी हो गयी, जबकि भवन निर्माण सामग्री विक्रेता के यहां देर शाम तक छापेमारी जारी थी। वैसे तो आयकर विभाग के अतिरिक्त निदेशक एसएलए नजमी तथा उपनिदेशक एससी झा के नेतृत्व में पटना, छपरा, मुजफ्फरपुर व समस्तीपुर से आयी आयकर अधिकारियों की टीम कुछ भी खुलकर बोलने से परहेज कर रही है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि करवंचना की राशि पांच करोड़ से बढ़ कर सात करोड़ हो गयी है। करवंचना की यह राशि और बढ़ने के आसार हैं। शुक्रवार को आयकर पदाधिकारियों ने हाथ लगे बैंक खातों को बैंक जाकर भी खंगाला। इसके अलावा चल-अचल संपत्तियों से संबंधित जब्त कागजात का भी आकलन किया जा रहा है। शुक्रवार देर रात तक छापेमारी व जांच-पड़ताल पूरी होने की संभावना है। गौरतलब है कि गुरुवार को तकरीबन 22 चौपहिया वाहनों से सौ से अधिक आयकर अधिकारियों ने सुबह 9 बजे ही रहमगंज के आभूषण विक्रेता के बाकरगंज व हसनचक स्थित दुकानों व आवासीय परिसर में छापेमारी शुरू कर दी। इसी तरह कादिराबाद स्थित भवन निर्माण सामग्री के बडे़ व्यवसायी के आधे दर्जन प्रतिष्ठानों व आवासीय परिसर में भी छापेमारी की गयी। इस दौरान अलग-अलग बैंकों के करीब आधे दर्जन पासबुक व दो बैंक लॉकरों की डिटेल भी अधिकारियों को हाथ लगी थी। इसके अलावा ढेर सारे वैसे कागजात भी अधिकारियों ने जब्त किये, जिनसे स्पष्टत: करवंचना प्रतीत हो रही थी। इस बीच दूसरे दिन भी छापेमारी जारी रहने से अन्य बडे़ व्यवसायियों के हाथ-पैर फूल रहे थे। अन्य प्रतिष्ठानों में फूंक-फूंक कर कार्य संपन्न किये जा रहे थे। हमॆ अपनॆ सुझाव भॆंजॆ | मित्र कॊ बतायॆ | खबरॊ कॆ मुख्य प्रिष्ट पर जायॆं | मॆरा मिथिला - मॆरी आबाज | |
|
|
Feed Back - Refer To Friend - Terms Of Use- Privacy Policy- About Us - Contact Us - Careers -Advertise With Us © Adarsh Internet Pvt. Ltd. Benipatti Madhubani All Right Reserved info@mithilalive.com |